बैतूल:जिले के किसानों के लिए राहत की खबर है। जल संसाधन विभाग ने जिले के 52 जलाशयों की नहरों के सुधार, मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के लिए शासन से 38 करोड़ 53 लाख रुपए की मांग की है। विभाग की ओर से 15 दिन पूर्व जल उपयोगिता समिति की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें इस प्रस्ताव को प्रशासनिक स्वीकृति के लिए अनुशंसा की गई है।
इस प्रस्ताव के शासन से मंजूरी मिलते ही जिले के लगभग 4,151 हेक्टेयर क्षेत्र में अतिरिक्त सिंचाई क्षमता विकसित होगी। यह योजना मुख्यतः बैतूल-मुलताई डिवीजन के लिए तैयार की गई है, जिससे आने वाले वर्षों में हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।विभाग के अनुसार, कई जलाशयों की नहरें जर्जर हो चुकी हैं, जिससे बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ बह जाता है।
अब इस परियोजना के तहत नहरों को मजबूत और दुरुस्त किया जाएगा ताकि पानी टेल एरिया तक पहुंच सके। इससे किसानों को समय पर पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध होगा और फसल उत्पादन में वृद्धि होगी।अधिकारियों ने बताया कि 38 करोड़ की राशि स्वीकृत होते ही नहरों के सुदृढ़ीकरण कार्य प्रारंभ किए जाएंगे, जिसके लिए एसडीओ और इंजीनियरों की टीमें जिम्मेदारी संभालेंगी। इस परियोजना से जिले की सिंचाई क्षमता में विस्तार होगा, जल उपयोग दक्षता बढ़ेगी और किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना है।
