
बंडा। पीएमश्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में निशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक वीरेंद्र सिंह लंबरदार ने किया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
प्राचार्य संतोष चौरसिया ने विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस वर्ष कक्षा 10वीं में 88 प्रतिशत तथा कक्षा 12वीं में 95 प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यालय की छात्राएं रोबोट एवं ड्रोन निर्माण जैसे नवाचारों पर भी कार्य कर रही हैं।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जाहर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को संस्कार और संस्कृति से जोड़ने का कार्य कर रही है। नगर परिषद अध्यक्ष वैभवराज कुकरेले ने छात्राओं से मोबाइल का सदुपयोग कर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा विद्यालय में शीघ्र पुस्तकालय प्रारंभ करने की घोषणा की। कार्यक्रम में छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं।
इस अवसर पर मंतराम अहिरवार, बीडी गौड़, एनएस ठाकुर, रूपेश रोशन खरे सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
