
सौसर। क्षेत्र के सुप्रसिद्ध चमत्कारिक हनुमान मंदिर जाम सांवली में साल के अंतिम शनिवार यानि 27 दिसंबर को भक्तों का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र सहित देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुक्रवार की रात से ही शुरू हो गया था, जो शनिवार देर शाम तक अनवरत जारी रहा।
मंदिर ट्रस्ट कमेटी के अनुसार, साल के आखिरी शनिवार का विशेष महत्व होने के कारण इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में भारी बढ़ोतरी देखी गई। देर शाम तक लाखों भक्तों ने कतारबद्ध होकर श्री हनुमान जी की लेटी हुई प्रतिमा के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
पांढुरना से पहुंची भव्य पदयात्रा
प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी साल के अंतिम सप्ताह में पांढुरना से निकलने वाली पारंपरिक पदयात्रा शनिवार शाम मंदिर परिसर पहुंची। हजारों की संख्या में शामिल पदयात्री जय श्री हनुमान, जय श्री राम के जयकारे लगाते हुए जाम सांवली पहुंचे। इस वर्ष इस पदयात्रा का नेतृत्व संत श्री विवेक महाराज ने किया।
संध्या आरती में उमड़ी भीड़
पदयात्रा के मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने संध्या आरती में हिस्सा लिया। आरती के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। पुलिस प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
