दो पंचायत सचिव निलंबित, दो ग्राम रोजगार सहायकों को कार्य से विरत कर जांच के आदेश

सीधी । पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी द्वारा गुरुवार को जनपद पंचायत मझौली के सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं की प्रगति अपेक्षानुरूप नहीं पाए जाने पर लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई। समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, एक बगिया मां के नाम सहित विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं की ग्राम पंचायतवार प्रगति का परीक्षण किया गया। समीक्षा में ग्राम पंचायत डागा एवं ग्राम पंचायत दादर की प्रगति सबसे निम्न स्तर पर पाए जाने पर संबंधित सचिवों के प्रति गंभीर नाराजगी व्यक्त की गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने आदेश जारी कर ग्राम पंचायत डागा के सचिव रतनलाल केवट तथा ग्राम पंचायत दादर के सचिव चिंतामणि पनिका को शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं में अत्यंत खराब प्रगति के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत डागा के ग्राम रोजगार सहायक सूर्य प्रकाश शुक्ला तथा ग्राम पंचायत दादर के ग्राम रोजगार सहायक प्रदीप सिंह को शासकीय कार्य से विरत करते हुए उनके विरुद्ध संक्षिप्त जांच के आदेश जारी किए गए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजनाओं के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

Next Post

देश की समृद्ध हथकरघा विरासत पर राजधानी में भव्य प्रदर्शनी 'वीव्स ऑफ इंडिया' का उद्घाटन

Fri Jul 24 , 2026
नई दिल्ली, 24 जुलाई (वार्ता) राजधानी में जनपथ स्थित सेंट्रल कॉटेज इंडस्ट्रीज़ एम्पोरियम (सीसीआईई) में ‘वीव्स ऑफ इंडिया’ महोत्सव का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत विकास आयुक्त (हथकरघा) कार्यालय द्वारा आयोजित यह महोत्सव 24 जुलाई से 7 अगस्त तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। सात […]

You May Like