नववर्ष से पहले इंदौर पुलिस का बड़ा एक्शन, रात भर चली बदमाशों की चैकिंग

इंदौर. नववर्ष के मद्देनज़र शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने गुंडे बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष चैकिंग अभियान चलाया. देर रात तक चले इस अभियान में पुलिस ने न सिर्फ बदमाशों की धरपकड़ की, बल्कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर भी कड़ा प्रहार किया.

इंदौर शहर में अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है. अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) अमित सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) आरके सिंह के दिशा निर्देशन में किया. चारों जोन के डीसीपी के नेतृत्व में 26-27 दिसंबर की दरमियानी रात 8 बजे से 2 बजे तक सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने एक साथ सरप्राइज चैकिंग और पेट्रोलिंग की. इस दौरान पुलिस ने गुंडे, बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखते हुए करीब 950 बदमाशों को चेक किया, जिनमें से 377 के खिलाफ कार्रवाई की गई. अलग अलग मामलों में वांछित 126 से अधिक वारंटों की तामील कराई गई, जिसमें 8 स्थाई, 47 गिरफ्तारी और 71 जमानती वारंट शामिल रहे. इसके अलावा 71 समंस भी तामील कराए. नशे के खिलाफ अभियान में पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती दिखाई. 163 लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ 185 प्रकरण मोटर व्हीकल एक्ट के तहत दर्ज किए. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि नशे में ड्राइविंग से होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके. अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ का सेवन करने वालों के खिलाफ 7 प्रकरण दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई. वहीं सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों के खिलाफ 18 प्रकरण दर्ज किए. आदतन बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं में 73 बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ समंस और अन्य वैधानिक कदम उठाए. अभियान के दौरान हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में ड्रोन पेट्रोलिंग कर सघन निगरानी रखी गई. इस दौरान 186 गुंडे बदमाश, 94 नकबजन, 40 लुटेरे, 92 चाकूबाज, 121 निगरानीशुदा बदमाश और 40 जिलाबदर व रासुका के बदमाशों सहित करीब 573 से अधिक संदिग्धों को चेक किया. सभी को दोबारा अपराध न करने की सख्त हिदायत दी गई. इसके साथ ही अंतर्राज्यीय और राज्यीय बसों व ट्रकों के चालकों की भी ब्रीथ एनालाइजर से विशेष जांच की गई. अभियान के दौरान कई फरार अपराधी भी पुलिस की गिरफ्त में आए हैं, जिनके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. चेक किए गए बदमाशों से डोजियर भी भरवाए गए और उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी गई कि किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नववर्ष के दौरान शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे.

Next Post

घर छोड़ने के बहाने महिला को बंधक बनाकर दुष्कर्म

Sat Dec 27 , 2025
इंदौर. शहर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. पति से अलग रह रही एक महिला को उसके पति के ही दोस्त ने मदद का झांसा देकर बंधक बना लिया और कई दिनों तक दुष्कर्म करता रहा. महिला की तलाश में जुटे परिजन और पुलिस जब आरोपी […]

You May Like