घर छोड़ने के बहाने महिला को बंधक बनाकर दुष्कर्म

इंदौर. शहर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. पति से अलग रह रही एक महिला को उसके पति के ही दोस्त ने मदद का झांसा देकर बंधक बना लिया और कई दिनों तक दुष्कर्म करता रहा. महिला की तलाश में जुटे परिजन और पुलिस जब आरोपी के ठिकाने पर पहुंचे, तब जाकर पीड़िता को मुक्त कराया जा सका.

पलासिया थाना क्षेत्र में एक महिला ने पति के दोस्त के खिलाफ दुष्कर्म और बंधक बनाए जाने का गंभीर मामला दर्ज कराया है. महिला का पति से विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह मां के साथ मायके में रह रही थी. कुछ दिन पहले वह मां के घर जा रही थी, तभी रास्ते में उसे पति का दोस्त मिला. आरोपी ने महिला से कहा कि वह उसे बाइक से छोड़ देगा. भरोसा दिलाकर वह महिला को अपनी बाइक पर बैठाकर अपने दोस्त के घर ले गया. वहां महिला को जबरन रोक लिया और चार दिन तक बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. इधर महिला के अचानक लापता होने पर उसका पति और भाई उसकी तलाश में जुटे. इस बीच पुलिस को भी सूचना दी गई. जांच के दौरान पुलिस को विनोबा नगर स्थित एक मकान पर शक हुआ. जब पुलिस और परिजन वहां पहुंचे तो महिला उसी घर में बंद मिली. पुलिस ने महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर बयान दर्ज किए और मुख्य आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, बंधक बनाने सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है. आरोपी की तलाश की जा रही है, वहीं मामले में दूसरे युवक की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पलासिया पुलिस का कहना है कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

​सांदीपनि विद्यालय में 'सृजन' प्रदर्शनी का भव्य आयोजन: विद्यार्थियों ने दिखाए हुनर के रंग

Sat Dec 27 , 2025
​सौसर। स्थानीय सांदीपनि विद्यालय में ‘सृजन’ कार्यक्रम के अंतर्गत एक भव्य विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और तकनीकी सोच का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडल और चार्ट प्रस्तुत किए। ​आकर्षण का केंद्र रहे वर्किंग मॉडल ​प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं […]

You May Like

मनोरंजन