
भिण्ड। मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के रौन थाना क्षेत्र में एक विवाहिता और नाबालिग के बीच सोशल मीडिया पर हुई बातचीत को लेकर विवाद के बाद नाबालिग के साथ कथित मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो व्यक्तियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार लहार अनुभाग के बिरखड़ी गांव में एक विवाहिता और नाबालिग युवक के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत होती थी। बताया गया है कि महिला के मोबाइल में युवक के संदेश उसके पति के संज्ञान में आने के बाद विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।
आरोप है कि इसके बाद महिला के पति और उसके एक साथी ने नाबालिग युवक को रोककर उसके साथ गाली-गलौज की तथा मारपीट की। घटना के बाद युवक ने रौन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में विवाद का कारण सोशल मीडिया पर हुई बातचीत सामने आया है। मामले में दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
