
सौसर। स्थानीय सांदीपनि विद्यालय में ‘सृजन’ कार्यक्रम के अंतर्गत एक भव्य विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और तकनीकी सोच का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडल और चार्ट प्रस्तुत किए।
आकर्षण का केंद्र रहे वर्किंग मॉडल
प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं द्वारा बनाए गए वर्किंग मॉडल, विज्ञान प्रोजेक्ट, चार्ट और क्लास डेकोरेशन ने सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण, विज्ञान और नवाचार जैसे गंभीर विषयों को बड़ी ही सरलता से मॉडलों के माध्यम से समझाया। स्कूल के कमरों को भी विशेष रूप से सजाया गया था, जो बच्चों की कलात्मकता को दर्शा रहा था।
शिक्षक और अभिभावकों ने की सराहना
संस्था की प्राचार्य श्रीमती शैलजा बत्रा एवं उप प्राचार्य संजय गवनेकर के कुशल निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा शिक्षकों एवं विषय शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे पालकों ने बच्चों द्वारा बनाए गए प्रोजेक्ट्स की सराहना की। पालकों का कहना था कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में छिपी प्रतिभा निखरकर सामने आती है।
नवाचार के लिए किया अभिप्रेरित
कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य एवं उप प्राचार्य ने प्रत्येक कक्षा और मॉडल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों के कड़े परिश्रम की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर नवाचार करने के लिए प्रोत्साहित किया। विद्यालय प्रबंधन ने सफल आयोजन के लिए समस्त स्टाफ और विद्यार्थियों को बधाई दी।
