रीवा:नगर निगम महापौर अजय मिश्रा द्वारा जिला कलेक्टर रीवा को शहरी गतिशीलता, हरित क्षेत्र विकास एवं दिव्यांग पार्क निर्माण हेतु रू. 200 लाख की वित्तीय सहायता डीएमएफ निधि से स्वीकृत किए जाने हेतु पत्र लिखा है.पत्र में लेख किया गया है कि नगर पालिक निगम रीवा द्वारा शहर के नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने, पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने तथा दिव्यांगजनों को समावेशी सुविधाएॅ प्रदान करने के उद्देश्य से तीन महत्वपूर्ण परियोजनाएॅ प्रस्तावित है जिनमें क्र. 1 शहरी गतिशीलता सुधार परियोजना अनुमानित लागत 75 लाख है इस परियोजना का उद्देश्य शहर में सुरक्षित, हरित समावेशी गतिशीलता को बढ़ावा देना है.
इसमें प्रस्तावित घटक जिनमें – पैदल पथ का निर्माण. सार्वजनिक स्थानों पर स्मार्ट ट्रैफिक संकेतक, डिजिटल साइनबोर्ड एवं डस्टबिन स्टेशन की स्थापना. ड्रॉप एण्ड पिक जोन का निर्माण स्कूलों एवं प्रमुख स्थानों पर. स्ट्रीट फर्नीचर (बेंच, स्ट्रीट लाइट, शेड) का विकास. क्र. 2 हरित क्षेत्र एवं वृक्षारोपण विकास योजना अनुमानित लागत रू. 75 लाख है इस योजना का उद्देश्य शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार कर वायु गुणवत्ता सुधारना एवं शहरी गर्मी प्रभाव को कम करना है.
इसमें प्रस्तावित घटक जिनमें – पचास हजार से अधिक औषधीय, फलदार एवं छायादार पौधों का वृक्षारोपण (मियावाकी तकनीक सहित). ग्रीन बेल्ट निर्माण मुख्य मार्गो, नालों एवं सार्वजनिक परिसरों के किनारे. ग्रीन वाल एवं वर्टिकल गार्डन का विकास प्रमुख भवनों एवं चैराहों पर. क्र. 3 दिव्यांग पार्क निर्माण परियोजना अनुमानित लागत रू. 50 लाख है रीवा शहर में विशेष रूप से दिव्यांगजनों हेतु समर्पित यह पार्क पूरी तरह बाधा रहित होगा साथ ही पत्र में लिखा है कि उपरोक्त तीनों परियोजनाओं हेतु लगभग रू. 200 लाख की आवश्यकता होगी. जिसके लिये राशि मांगी गई है.
