इंदौर: नवरात्रि पर्व पर महिलाओं की सुरक्षा और धार्मिक आयोजनों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंदौर पुलिस ने गरबा पंडालों व भक्ति स्थलों के आसपास सख्त निगरानी शुरू कर दी है. जिसके तहत देर रात शक्ति मोबाइल ने दो संदिग्ध युवकों को शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा. दोनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त कर लिए.
ज्ञात हो कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहरभर में 13 शक्ति मोबाइल तैनात की गई हैं. इनमें महिला पुलिस बल भी शामिल है, जो गरबा पंडालों और धार्मिक कार्यक्रमों के आसपास लगातार गश्त कर रही हैं. थाना परदेशीपुरा क्षेत्र में गश्त कर रही शक्ति मोबाइल पीसीआर -4 ने पाटनीपुरा गरबा पंडाल के पास एक युवक को रोककर चेक किया. युवक नशे में धुत होकर वाहन चला रहा था.
उसे गिरफ्तार कर थाना परदेशीपुरा के सुपुर्द किया और उसका वाहन नम्बर एमपी 09 एमएल 1431 जब्त कर लिया. इसी तरह थाना राजेंद्र नगर क्षेत्र में शक्ति मोबाइल पीसीआर -3 ने परस्पर नगर के पास चेकिंग के दौरान एक अन्य युवक को नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़ा. दोनों मामलों में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
