
जबलपुर। सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से सोमवार को मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से धूप खिली रही। दिन चढऩे के बाद मौसम ने रंगत बदली। सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल शुरू हुआ। इसके बाद बादलों ने डेरा डाल लिया तेज हवाएं चली और बदरा बरस पड़े । रिमझिम बारिश हुई । थोड़ी देर हुई बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। वातावरण में ठंड भी घुल गई। दक्षिण-पूर्व हवाएं चार किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। मौसम विभाग ने चौबीस घंटे में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जाहिर की है। सोमवार को अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा । न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 77 और शाम को 56 प्रतिशत दर्ज की गई।
मौसम विभाग की माने तो दक्षिण-पश्चिम एवं संलग्न मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दाब क्षेत्र सोमवार को भी उसी क्षेत्र में अवस्थित है। इससे संबंधित चक्रवातीय परिसंचरण माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके अगले 24 घंटों के दौरान लगभग उत्तर-पूर्व दिशा में बढऩे और धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है। एक ट्रफ माध्य समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊँचाई पर उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से मध्य राजस्थान होते हुए उत्तर गुजरात तक विस्तृत है। एक अन्य ट्रफ माध्य समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊँचाई पर दक्षिण आंतरिक कर्नाटक से मराठवाड़ा तक विस्तृत है। पूर्वोत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊँचाई पर लगभग 185 किमी प्रति घंटा की गति से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही है। एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 26 फरवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है।
