चंबल में सीएम के लगातार दौरे, चुनावी मोड में आने लगी भाजपा 

ग्वालियर चंबल डायरी 

    हरीश दुबे 

************************

प्रदेश में सरकार भले ही भाजपा की रही हो अथवा कांग्रेस की, सत्ताधीश ग्वालियर चंबल को अहमियत देते रहे हैं। अतीत बताता है कि ग्वालियर चंबल सरकारें बनाता है तो बिगाड़ भी देता है। डीपी मिश्रा से लेकर कमलनाथ तक की सरकारें चंबल की नाराजगी की भेंट चढ़ गईं। चूंकि अब विधानसभा चुनाव में बमुश्किल दो साल बचे हैं, लिहाजा एक बार फिर ग्वालियर चंबल का इलाका वजनदारी दिखा रहा है। सीएम के इस अंचल के बढ़ते दौरों का निहितार्थ राजनीति के पंडित आगामी चुनाव से जोड़कर देख रहे हैं। दीवाली से पहले सीएम ने धनतेरस मुरैना में मनाई थी और दीवाली बीतने के बाद शुक्रवार को एक बार फिर ग्वालियर और शिवपुरी के दौरे पर आ रहे हैं। ग्वालियर देहात के कुलैथ गांव में किसान पशु पालक सम्मेलन और बैलगाड़ी दौड़ तो शिवपुरी के पिछोर में कार्यक्रम। पिछोर के दौरे में साथ रहने सिंधिया भी आज रात आ रहे हैं। हालांकि अभी निकाय चुनाव की चुनौती है लेकिन भाजपा 28 के विधानसभा चुनाव के मोड में भी आती जा रही है। सीएम 13 के रोज ग्वालियर के जिस कुलैथ क्षेत्र में आ रहे हैं, उसी के समीप साडा सिटी में 5,500 करोड़ का टेलीकॉम जॉन बन रहा है, जिसके शुभारंभ के लिए 15 को अमित शाह के आने का प्लान संभावित है। सीएम के किसान सम्मेलन को शाह के दौरे की तैयारी से भी जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल भाजपा सम्मेलन में भीड़ जुटाने पूरी ताकत से जुटी है।

प्रकोष्ठ की अध्यक्षी नहीं, पार्षदी के टिकट की दरकार

ग्वालियर चंबल के कांग्रेस नेताओं के समक्ष प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जब पार्टी के विभाग-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष पद और पार्षदी के टिकट में से एक को चुनने के लिए कहा तो अधिकांश नेताओं ने पार्षदी के टिकट वाला विकल्प चुना। जब संगठन के विभाग प्रकोष्ठों के लिए दावेदारियां बढ़ गईं तो पीसीसी ने शर्त लगा दी कि विभाग प्रकोष्ठों में नियुक्त होने वालों को निकाय चुनाव में टिकट पर से दावेदारी छोड़ना होगी लेकिन नगर निगम और नगर पालिका का माननीय बनने का मोह विभाग प्रकोष्ठों पर भारी पड़ा है। यही वजह है कि पार्टी के 64 विभाग प्रकोष्ठों में से अभी तलक सिर्फ 20 प्रकोष्ठों में ही तैनाती हो पाई है। कांग्रेस ने कुछ विभाग ऐसे भी बना रखे हैं, जिनके लिए सुयोग्य नेता ही नहीं हैं, ऐसे विभागों में फॉरेन अफेयर्स, इंडियन ओवरसीज और हिन्दी विभाग शामिल हैं। मजबूरी में ऐसे विभागों को अनुपयोगी मानकर इन्हें बंद करने का प्रस्ताव भेजा गया है।

धर्मांतरण का मुद्दा : सवालों के घेरे में ईसाई मिशनरी

करीब साल भर पहले भितरवार के धाकड़ खिरिया ग्राम में एक बौद्ध संगठनों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में दलितों के कथित धर्मांतरण के ऑडियो वीडियो वायरल हुए थे, लंबी जांच चली, कुछ ऐसा ही मामला एक बार फिर गूंज रहा है। इस बार शहर से करीब दस किमी दूर रतवाई ग्राम में स्थित बेथेस्डा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी चर्चा में है। यह ईसाई मिशनरी इंजीनियरिंग कॉलेज चलाने का दावा करती है लेकिन कैंपस में कॉलेज जैसी गतिविधियां तो नजर नहीं आतीं, हिन्दू संगठनों की मानें तो इसी हफ्ते यहां गरीबों, आदिवासियों को भला चंगा करने के नाम पर धर्मांतरण समारोह आयोजित हुआ है। चूंकि शिकायत सीएम तक पहुंची है, लिहाजा प्रशासन और पुलिस पूरी मुस्तैदी से जांच पड़ताल में जुटी है। यह संगठन ऐसे किसी भी मतांतरण समारोह से साफ मना कर रहा है लेकिन इतना साफ हो चुका है कि बिजौली इलाके में स्थित बेथेस्डा इंस्टीट्यूट में ईसाई समाज ने वार्षिक कार्यक्रम रखा था। आठ नवंबर तक यह कार्यक्रम निर्धारित था, जिसके बाद बाहर से आए काफी लोग चले गए लेकिन कुछ के अभी भी यहीं रुकने की जानकारी है। पुलिस टीम ने बेथेस्डा कॉलेज में पहुंचकर जो जांच की, उसमें यहां आए लोगों की आईडी भी जुटाई हैं। पुलिस के हाथ जो भी रिकॉर्ड आया है, उसकी पड़ताल की जा रही है। सर्वाधिक हैरतअंगेज बात यह है कि मिशनरी ने इतने बड़े धार्मिक आयोजन की अनुमति भी नहीं ली थी। हिन्दू संगठन प्रशासन पर एक्शन के लिए दवाब बना रहे हैं लेकिन प्रशासन को सबूतों की तलाश है।

कार्रवाई के सवाल पर बट गई शहर और देहात की कांग्रेस

दिल्ली रैली में न जाने वाले पदाधिकारियों पर अनुशासन का डंडा चलाने के मामले में ग्वालियर जिला कांग्रेस की शहर और देहात इकाईयां बंट गई हैं। एक ओर शहर कांग्रेस ने कुछ ब्लॉक, मंडलम और सेक्टर अध्यक्षों सहित करीब दो दर्जन पदाधिकारियों की सूची तैयार कर ली है जो दिल्ली नहीं गए वहीं देहात कांग्रेस ने अपने किसी भी ओहदेदार के खिलाफ कार्रवाई करने से इंकार किया है। देहात सदर कह रहे हैं कि हमारे सौ प्रतिशत पदाधिकारी दिल्ली रैली में गये थे, इसलिए किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही…!

Next Post

रत्नागिरी जेट्स ने सिल्वर बर्च विजन स्पोर्ट्स एकेडमी के साथ मिलकर पहली क्रिकेट एकेडमी शुरू की

Thu Nov 12 , 2026
पुणे, 12 नवंबर (वार्ता) दो बार के महाराष्ट्र प्रीमियर लीग (एमपीएल) चैंपियन के तौर पर अपनी सफलता को आगे बढ़ाते हुए, रत्नागिरी जेट्स ने पुणे के वडगांव बुद्रुक में सिल्वर बर्च विजन स्पोर्ट्स एकेडमी के साथ मिलकर अपनी पहली ऑफिशियल क्रिकेट एकेडमी शुरू करने की घोषणा की है। यह पहल […]

You May Like