
नई दिल्ली। सेशेल्स के उपराष्ट्रपति सेबेस्टियन पिल्लै ने नई दिल्ली स्थित एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड के निगमित कार्यालय का दौरा किया। उन्होंने एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के.पी. महादेवास्वामी और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर सेशेल्स में प्रस्तावित अवसंरचना परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में लगभग 139 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित समग्र विकास योजना की प्रस्तुति दी गई, जिसमें किफायती सामाजिक आवास, प्रीमियम विला, आतिथ्य एवं मनोरंजन सुविधाएं, खेल परिसर और अन्य सामाजिक अवसंरचनाएं शामिल हैं। यह पहल द्वीपीय विकास को आधुनिक और सतत स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
प्रतिनिधिमंडल को मालदीव के हुलहुमाले में 2000 सामाजिक आवास परियोजना के सफल क्रियान्वयन की जानकारी भी दी गई, जिसमें भारतीय कार्यबल और निर्माण सामग्री की अहम भूमिका रही। उपराष्ट्रपति पिल्लै ने एनबीसीसी की विशेषज्ञता पर विश्वास जताते हुए भविष्य में सहयोग बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की।
गौरतलब है कि एनबीसीसी वर्तमान में सेशेल्स में भारतीय चांसरी भवन, सांस्कृतिक केंद्र और आवासीय इकाइयों का निर्माण कार्य भी कर रही है, जो दोनों देशों के मजबूत होते विकासात्मक संबंधों का प्रतीक है।
