मुंबई, (वार्ता) मुबंई में 24 मार्च से शुरु होने वाले जेएसडब्ल्यू इंडियन ओपन 2025 के साथ भारत में अंतर्राष्ट्रीय स्क्वैश की वापसी होगी।
देश के पहले पीएसए स्क्वैश कॉपर टूर्नामेंट की पुरस्कार राशि 53,500 अमेरिकी डॉलर है। इसका फाइनल 28 मार्च को बॉम्बे जिमखाना में होगा। प्रतियोगिता इनडोर कोर्ट पर शुरू होगी, जबकि क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मैच फुल-ग्लास आउटडोर कोर्ट पर खेले जाएंगे।
टूर्नामेंट में रमित टंडन, वेलावन सेंथिलकुमार, वीर चोटरानी, अनाहत सिंह और आकांक्षा सालुंखे जैसे शीर्ष भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी कोर्ट पर उतरेंगे। साथ ही फ्रांस, स्पेन, हॉलैंड, मिस्र, कनाडा, इंग्लैंड, अमेरिका, मलेशिया और जापान सहित अन्य देशों के कुछ प्रतिभाशाली अंतरराष्ट्रीय एथलीट भी मैदान में उतरेंगे। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में कुल 24 खिलाड़ी भाग लेंगे, जिनमें भारत के रमित टंडन और आकांक्षा सालुंखे शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं। इस बीच, भारत के सूरज कुमार चंद और अंजलि सेमवाल जेएसडब्ल्यू इंडिया ओपन में वाइल्ड कार्ड एंट्री हैं।
आईआईएस की अध्यक्ष मनीषा मल्होत्रा ने कहा, “हमें भारत में स्क्वैश को उच्चतम स्तर पर वापस लाने में सक्षम होने पर खुशी है। स्क्वैश जैसे खेलों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सर्किट में वापस लाने की जरूरत है। और ऐसे आयोजनों के माध्यम से, हमें अपने खिलाड़ियों को बढ़ावा देना और उनका समर्थन करना होगा और उन्हें यह सीखने की जरूरत है कि बड़े आयोजन कैसे खेले जाते हैं। भारतीय दृष्टिकोण से, यह निश्चित रूप से एक ऐसा खेल है जिस पर हम हावी हो सकते हैं, इसलिए यह हमारे लिए एक अच्छा अवसर होगा।”
