
उज्जैन। दोपहर लगभग 12.45 बजे थाना महाकाल क्षेत्र के रामघाट पर होमगार्ड जवानों की तत्परता, साहस एवं सूझबूझ से नागपुर से आए चार श्रद्धालुओं की जान बचाई गई। जानकारी के अनुसार नागपुर से आए श्रद्धालु विराट हिंगोले पिता जय सिंह हिंगोले, हेमंत पिता रमेश चंद्र, याबुल लोहारे पिता किशोर लोहरे एवं विनोद कप्परे पिता गणेश कप्परे रामघाट पर स्नान कर रहे थे। इस दौरान चारों श्रद्धालु गहरे पानी में जाने के कारण डूबने लगे। ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों द्वारा श्रद्धालुओं को दो बार गहरे पानी में नहीं जाने की समझाइश दी गई थी।
इसके बावजूद श्रद्धालु स्वयं को तैरना जानने की बात कहते हुए नदी में आगे बढ़ते रहे। इसी दौरान हेमंत एवं विनोद गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में उनके दो अन्य साथी भी नदी में डूबने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर तैनात होमगार्ड जवान सुनील मेवाड़ा ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगाकर बचाव कार्य प्रारंभ किया। वहीं जवान संतोष सोलंकी एवं धीरेन्द्र चौहान ने तत्काल लाइव बॉय श्रद्धालुओं की ओर फेंककर बचाव कार्य में सहयोग किया। तीनों जवानों के समन्वित प्रयास, साहस एवं त्वरित रेस्क्यू कार्रवाई से चारों श्रद्धालुओं को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया गया।
