दंदरौआ धाम में सुरक्षा रेलिंग लगाने पर भड़का विवाद

भिंड:जिले के प्रसिद्ध दंदरौआ धाम डॉक्टर हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मुख्य प्रवेश मार्ग पर सुरक्षा रेलिंग लगाए जाने का कार्य शुरू होते ही विवाद भड़क गया। रेलिंग लगाने के फैसले को लेकर सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोग विरोध में उतर आए। दर्जनों लोग मंदिर परिसर पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है वहीं प्रशासनिक अधिकारी भी हालात संभालने पहुंचे हैं।

जानकारी के अनुसार, मंदिर प्रबंधन और जिला प्रशासन द्वारा काफी समय पहले यह निर्णय लिया गया था कि श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए मुख्य गैलरी और प्रवेश मार्ग पर रेलिंग लगाई जाए, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी प्रकार की भगदड़ जैसी स्थिति से बचा जा सके। योजना के तहत मुख्य मार्ग में बैठने वाले प्रसाद विक्रेताओं को मंदिर के मुख्य गेट के बाहर व्यवस्थित स्थान देने की तैयारी भी प्रशासन द्वारा की जा रही थी।

इसी प्रक्रिया के तहत रेलिंग लगाने का काम शुरू हुआ, लेकिन कुछ लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। प्रारंभ में कम संख्या में पहुंचे लोगों को पुलिस समझाइश देकर थाने ले गई और बाद में छोड़ दिया गया।इसके बाद दर्जनों लोग फिर एकत्र होकर मंदिर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्षों से मंदिर गैलरी में प्रसाद बेचने वाले दुकानदारों की रोजी-रोटी छीनी जा रही है।

इस मामले में दंदरौआ धाम के महंत महामंडलेश्वर रामदास महाराज ने कहा कि कुछ लोग मंदिर विकास और श्रद्धालुओं की सुविधा में बाधा डालने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धाम में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और प्रशासन को पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है।

Next Post

युवक के बैंक खाते से गायब हुए 7.19 लाख, न मोबाइल पर मैसेज आया न ईमेल अलर्ट

Sun May 24 , 2026
इंदौर: सराफा थाना क्षेत्र में एक युवक के बैंक खाते से 7.19 लाख रुपए निकलने का मामला सामने आया है. खास बात यह रही कि ट्रांजैक्शन के दौरान पीड़ित को किसी तरह का मैसेज या अलर्ट तक नहीं मिला.शक्कर बाजार में रहने वाले 19 वर्षीय वंश श्रीमाल ने पुलिस को […]

You May Like