विजन-2047 के संकल्प से आत्मनिर्भर और समर्थ भारत का निर्माण : सिंधिया

ग्वालियर: विकसित भारत केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों के सामूहिक संकल्प और लंबे संघर्ष का परिणाम है। आज भारत स्थिरता, निरंतर विकास और आत्मनिर्भरता के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह बात केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा संकल्प पखवाड़ा में भारत में 2014 से हुए विकास के कार्यों विषय पर आयोजित कार्यक्रम में कही।
सिंधिया ने कहा कि भारत ने आजादी के बाद अनेक प्रधानमंत्रियों का कार्यकाल देखा, लेकिन वर्तमान समय में देश ने विकास को स्थिरता और परिवर्तन के साथ जोड़ते हुए नई गति प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार जनादेश देकर विकास और स्थिरता की दिशा में अपना विश्वास व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि आज भारत नवाचार, आत्मनिर्भरता और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सेमीकंडक्टर क्षेत्र में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने टेलीकॉम क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में डिजिटल कनेक्टिविटी का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि यूपीआई और डिजिटल भुगतान ने आर्थिक लेनदेन की तस्वीर बदल दी है। भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था आज दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुकी है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया ने स्वागत भाषण देते हुए मुख्य अतिथि सिंधिया का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही साकार होगा।
कार्यक्रम मे प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट, केबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, पूर्व मंत्री माया सिंह, विधायक मोहन सिंह राठौर, इमरती देवी, ध्यानेंद्र सिंह, मुन्नालाल गोयल, साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा, मनोज तोमर, जीडीए अध्यक्ष मधुसूदन भदौरिया सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं विकसित भारत यात्रा कार्यक्रम के प्रभारी सत्येन्द्र शर्मा ने किया।

Next Post

कबड्डी खेलकर लौट रहे युवाओं पर एक दर्जन लोगों का हमला, कई घायल

Sun Sep 20 , 2026
दतिया: सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कबड्डी खेलकर लौट रहे युवाओं पर अज्ञात एक दर्जन से अधिक लोगों द्वारा अचानक हमला किए जाने का मामला सामने आया है। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में कुछ युवाओं के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद […]

You May Like