
मुरैना। मुरैना के कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ अब जिले की अलग-अलग तहसीलों में साप्ताहिक आधार पर जनसुनवाई करेंगे। इस क्रम में पहली तहसील स्तरीय जनसुनवाई में आज मंगलवार को कलेक्टर ने अंबाह तहसील में पहुंचकर जनसुनवाई की। यह फैसला जिला मुख्यालय पर जनसुनवाई में लगातार हो रही भीड़ और जनता की सुविधा को देखते हुए लिया गया है। हालांकि जिला मुख्यालय पर भी जनसुनवाई पहले की ही तरह जारी रहेगी।
गौरतलब है कि पिछली जनसुनवाई में मुरैना जिला मुख्यालय पर एक हजार से ज्यादा आवेदन आए थे। भीड़ इतनी थी कि सुनवाई सुबह 11 बजे से शाम 5:30 बजे तक चली थी। जिला मुख्यालय पर होने वाली जनसुनवाई में जिले भर से आवेदक आते हैं और देर तक चलने वाली सुनवाई में उन्हें असुविधा होती है। इसी असुविधा से आवेदकों को राहत दिलाने मुरैना कलेक्टर ने तहसीलों में जाने का फैसला लिया है।
मुरैना कलेक्टर लोकेश कुमार की जनसुनवाई में आने वाले आवेदकों की शिकायत पर तुरंत सुनवाई हो रही है। इस उम्मीद से अब आवेदक सिर्फ कलेक्टर से ही मिलकर उन्हें ही अपनी समस्या बताना चाहते हैं। इसी उम्मीद के चलते लगातार जनसुनवाई में भीड़ बढ़ने लगी थी।
*कलेक्ट्रेट में अन्य अधिकारी सुनेंगे समस्याएं*
जिला स्तरीय जनसुनवाई पूर्व की भांति कलेक्ट्रेट कार्यालय में भी आयोजित होती रहेगी। कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर सहित सभी विभागों के विभागाध्यक्ष एवं जिलाधिकारी निर्धारित समय पर उपस्थित रहेंगे।
*कलेक्टर का कहना है…*
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ का कहना है कि अब लोगों का पूरा दिन खराब नहीं होगा। मुरैना जिला भौगोलिक दृष्टि से काफी बड़ा है। जनसुनवाई में आवेदक यहां बड़ी संख्या में पहुंचते हैं जिससे उसे लंबी दूरी भी तय करनी होती है और उसका पूरा दिन भी निकल जाता है। इसलिए अब उनके तहसील पर ही पहुंच कर उनके पास उनकी शिकायत सुनेंगे यह क्रम बारी बारी से करेंगे। ताकि जनता को असुविधा न हो। मुख्यालय पर अन्य अधिकारी जनसुनवाई में मौजूद रहेंगे।
