सांसद डॉ.राजेश मिश्र ने सपरिवार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से की मुलाकात

० संजय दुबरी टाईगर रिजर्व का छायाचित्र व विंध्य की ढोलक (मांदर) किया भेंट, चौफाल का पेड़ा भी खिलाया

नवभारत न्यूज

सीधी 28 मार्च। नई दिल्ली में शुक्रवार को सीधी सांसद डॉ.राजेश मिश्र ने सपरिवार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर संजय टाईगर रिजर्व दुबरी में बाघ-बाघिन का छायाचित्र, विंध्य के लोक कला की प्रतीक ढोलक (मांदर) भेंट कर चौफाल का पेड़ा भी खिलाकर अभिनंदन किया।

सांसद डॉ.राजेश मिश्र ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दुबरी आने का आमंत्रण देते हुए बताया कि मोहन नामक सफेद शेर सर्वप्रथम दुबरी में ही मिला था। अति प्राचीन चंदरेह शिव मंदिर, सुप्रसिद्ध विद्वान बीरबल की जन्मस्थली मां चंडी धाम घोघरा, माड़ा की गुफाएं जैसे अनेक धार्मिक, आध्यात्मिक व पर्यटन स्थल भी है। संसदीय क्षेत्र खनिज सम्पदाओं से भी परिपूर्ण है परन्तु तीनों जिलों में विकास को और भी गति देने की नितांत आवश्यकता है। सांसद डॉ.मिश्र ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सीधी जिले के मनकीसर में कृषि अनुसंधान संस्थान, सिंगरौली जिले के देवसर में केन्द्रीय विद्यालय, ब्यौहारी के बाणसागर डैम में भारतीय जलसेना का प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने की मांग करते हुए बताया कि जिले के मनकीसर ग्राम पंचायत में कृषि विभाग की 100 एकड़ भूमि में फार्म संचालित है। यहां यदि कृषि अनुसंधान संस्थान की स्थापना की जाती है तो कृषि आधारित जिला सीधी के किसानों व छात्र-छात्राओं को आधुनिक व उन्नत जैविक खेती की ओर प्रेरित करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल होगी। सिंगरौली जिले के देवसर में केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना करना, जिला मुख्यालय से सुदूर रहने वाले छात्र छात्राओं के हित में ऐतिहासिक कदम होगा। ब्यौहारी जनपद पंचायत अंतर्गत बाणसागर में वृहद बाणसागर डैम स्थित है। जिसका लोकार्पण पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा किया गया था। बाणसागर डैम अत्यंत वृहद् होने के कारण भारतीय जलसेना का प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने हेतु आग्रह है। यहां बाणसागर कॉलोनी विस्थापित होने के पश्चात मुख्यालय बनाने के लिए पर्याप्त शासकीय भूमि भी उपलब्ध है। सांसद की मांगो पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कार्यवाही करने का आश्वासन भी दिया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से सांसद डॉ.राजेश मिश्रा के परिवार के सदस्य श्रीमती सांसद सावित्री मिश्रा, डॉ.अजय मिश्रा, शीला मिश्रा, डॉ.अनूप मिश्रा, डॉ.बीना मिश्रा, डॉ.रंजना शुक्ला, सीए राकेश शुक्ला, डॉ.ज्योत्सना शुक्ला, डॉ.राजीव शुक्ला, प्रथम शुक्ला, वैष्णवी मिश्रा, देवांश मिश्रा, अनिकेत शुक्ला, हिया शुक्ला, अविरल शुक्ला, अचिंत्य शुक्ला सहित पारिवारिक सदस्य उपस्थित रहे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रूबरू होते हुए प्रधानमंत्री श्री मोदी के संस्मरण और हास परिहास का आनंद लिया।

००

अद्भुत आत्मियता का हुआ एहसास: डॉ.अजय

विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के पश्चात भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य उपाध्यक्ष, विश्वविद्यालय कार्य परिषद के सदस्य डॉ.अजय मिश्रा ने कहा कि मोदी जी से मिलने पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकत्व की अनुभूति हुई। निश्चित रूप से मोदी जी का करिश्माई व्यक्तित्व हम जैसे करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा स्त्रोत है। डॉ.अजय मिश्रा ने क्षेत्र की जनता की ओर से चौफाल का पेड़ा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेंट किया।

००

मोदी जी से मिलकर हुआ गौरवान्वित: डॉ.अनूप

वरिष्ठ चिकित्सक और मिश्रा नर्सिंग होम के संचालक डॉ.अनूप मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने के पश्चात मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर अत्यंत गौरव की अनुभूति हो रही है। मोदी जी के व्यक्तित्व से मै अत्यधिक प्रभावित हुआ। आपका आशीर्वाद हमारे जीवन को एक नई दिशा और नया उत्साह प्रदान करेगा। डॉ.अनूप मिश्रा ने विंध्य लोक कला का प्रतीक मादर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भेंट किया।

००००००००००

Next Post

एक घराने के लिए नियमों में बदलाव किये जा रहे हैं: कांग्रेस

Fri Mar 28 , 2025
नयी दिल्ली 28 मार्च (वार्ता) कांग्रेस ने शुक्रवार को राज्यसभा में कहा कि देश में एक उद्योग घराने को लाभ पहुंचाने के लिए हवाई अड्डा संचालन के नियमों में बदलाव किये जा रहे हैं और इनका निजीकरण किया जा रहा है। कांग्रेस के नीरज डांगी ने सदन में ‘वायुयान वस्तुओं […]

You May Like