सिवनी मालवा। दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य विभाग की टीम ने मिठाई दुकानों और गोदामों पर छापेमार कार्रवाई की। विभाग ने रिलायंस स्मार्ट पॉइंट, साईं स्वीट्स कारखाना, राजस्थान मिठाई सहित कई दुकानों से सैंपल लिए। रिलायंस स्मार्ट पॉइंट पर एक्सपायरी और नियर एक्सपायरी सामग्री पाई गई, जिसमें चावल, दाल, लस्सी और आटा शामिल हैं। कुछ पैकेटों में कीड़े भी मिले। दुकानों से मिठाइयों के नमूने लेकर जांच हेतु भेजे गए।
खाद्य अधिकारी जितेंद्र सिंह राणा ने बताया कि मिलावट की शिकायतों पर यह कार्रवाई की गई है। सभी नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग की यह नियमित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और उपभोक्ताओं से अपील की कि वे मिठाई खरीदते समय गुणवत्ता अवश्य जांचें।
