भीषण गर्मी के चलते वार्ड 54 में पानी के लिए हाहाकार

इंदौर:भीषण गर्मी के इस मौसम में शहर के वाशिंदे गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं. हालांकि शहर के अधिकांश क्षेत्रों में नर्मदा लाइन के बावजूद कम प्रेशर से पानी आने, शुरू में गंदा पानी आने और बहुत ही कम समय नल चलने से परेशान हैं. पानी की पूर्ति नहीं हो पाने से लोग पानी के लिए यहां-वहां भटकने को मजबूर हैं. क्षेत्र में निगम की ओर से टैंकर भी नहीं भेजे जा रहे. इससे निवासियों में भारी नाराजगी है.

शहर में नगर निगम के जल आपूर्ति के दावों के बीच वार्ड क्रमांक 54 के रहवासी पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं. पीटीएस स्कूल के सामने स्थित इंदिरा एकता नगर में पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है. क्षेत्रवासियों के अनुसार नर्मदा लाइन में पानी का प्रेशर बेहद कम होने से पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही है. पानी सप्लाई के दौरान शुरुआत में गंदा पानी आता है, जबकि बाद में मिलने वाले पानी में भी दुर्गंध की शिकायत रहती है. कई बार तो पांच-पांच दिनों के अंतराल में पानी की आपूर्ति की जाती है, वह भी केवल 12 से 15 मिनट तक, जिससे लोगों को दैनिक जरूरतें पूरी करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. देखने में आया है कि अन्य वार्डों में नगर निगम द्वारा टैंकरों से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन इस क्षेत्र में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है. शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.

यह बोले रहवासी…

पानी की किल्लत तो सभी दूर चल रही है, हमारे यहां पहले नर्मदा के पानी की आपूर्ति होती थी, लेकिन वर्तमान में बहुत कम समय और कम प्रेशर से नल आने लोगों को गुजारे लायक पानी भी नहीं मिल रहा.
– गोरा पवार

पुरानी लाइन हो चुकी है, रुक-रुक कर पानी आता है. कभी-कभी गंदा भी आता है, क्षेत्र में नई लाइन डाली गई है, फिलहाल उससे हर रोज पानी नहीं देते, उसे चार-आठ दिन में चालू करते हैं.
– रामनारायण चौहान

पानी के टैंकर तो आते ही नहीं हैं. क्षेत्र में बस जो नर्मदा लाइन से पानी मिल जाता है, उससे ही काम चलाना पड़ता है. जरूरत पूर्ति के लिए दूर-दूर से पानी लाना पड़ता है.
– पार्वती बाई

Next Post

गिल की कप्तानी में भारत के धुरंधरों ने बनाया नया रिकॉर्ड, टेस्ट इतिहास में टीम इंडिया ने दर्ज की सबसे बड़ी जीत

Tue Jun 9 , 2026
भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच को पारी और 300 रन के विशाल अंतर से अपने नाम किया। भारत ने इस जीत के साथ सबसे बड़े अंतर से जीत का रिकॉर्ड बनाया है। भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित एकमात्र टेस्ट […]

You May Like