रांची | झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित द्वितीय साउथ एशियन थ्रो बॉल चैंपियनशिप में भारत ने अपना दबदबा कायम रखा। भारत, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल और भूटान के बीच हुई इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमों ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर भारत ने चैंपियनशिप में ओवरऑल चैंपियन का प्रतिष्ठित खिताब भी हासिल किया।
महिला फाइनल में विवादों का साया
महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला भारत और बांग्लादेश के बीच खेला गया, जो विवादों के कारण चर्चा में रहा। मैच के दौरान बांग्लादेशी टीम ने रेफरी पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए खेल को बीच में ही रोक दिया और कोर्ट का बहिष्कार किया। हालांकि, आयोजकों के हस्तक्षेप के बाद मैच पुनः शुरू हुआ, जिसमें भारतीय टीम ने अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करते हुए स्वर्ण पदक जीता, जबकि बांग्लादेश को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
पुरुष वर्ग में दिखा कड़ा मुकाबला
पुरुष वर्ग का फाइनल भारत और श्रीलंका के बीच अत्यंत रोमांचक रहा। तीन सेटों तक चले इस कड़े संघर्ष में दोनों टीमों ने शानदार स्मैश और डिफेंस का प्रदर्शन किया। निर्णायक सेट में भारतीय खिलाड़ियों ने संयम और अनुभव का परिचय देते हुए जीत हासिल की। थ्रो बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रमन कुमार सहनी ने आयोजन को सफल बताते हुए इसे क्षेत्रीय खेल संबंधों को मजबूत करने वाला करार दिया।

