नयी दिल्ली, 30 सितंबर (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने लद्दाख में प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा की घटनाओं की न्यायिक जांच करके दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।
श्री गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर लद्दाख के लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया और कहा कि जो लोग हक की मांग कर रहे हैं, उनको हिंसा से डराने की बजाय उनसे संवाद करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने लद्दाख के एक पूर्व फौजी की पीड़ा का वीडियो भी जारी किया, जिसने देश के विभिन्न हिस्सों में सेवाएं दी और उसका बेटा लद्दाख में हुई गोलीबारी में मारा गया।
कांग्रेस नेता ने अपनी पोस्ट में कहा “पिता फौजी, बेटा भी फौजी – जिनके खून में देशभक्ति बसी है। फिर भी भाजपा सरकार ने देश के वीर बेटे की गोली मारकर जान ले ली, सिर्फ इसलिए क्योंकि वो लद्दाख और अपने अधिकार के लिए खड़ा था। पिता की दर्द भरी आंखें बस एक सवाल कर रही हैं – क्या आज देशसेवा का यही सिला है।”
श्री गांधी ने कहा “हमारी मांग है कि लद्दाख में हुई इन हत्याओं की निष्पक्ष न्यायिक जांच होनी ही चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए। मोदी जी, आपने लद्दाख के लोगों को धोखा दिया है। वो अपना हक़ मांग रहे हैं, संवाद कीजिए – हिंसा और डर की राजनीति बंद कीजिए।”

