एकनाथ शिंदे ने दिल्ली दौरे पर दी सफाई, अमित शाह से मुलाकात को बताया ‘शिष्टाचार भेंट’

मुंबई, (वार्ता) दिल्ली के अपने लगातार दौरों को लेकर बढ़ती राजनीतिक अटकलों के बीच, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज सफाई देते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ उनकी हालिया मुलाकात पूरी तरह से एक ‘शिष्टाचार भेंट’ थी।

यहां मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “मैंने अपने सभी पार्टी सांसदों के साथ अमित शाह से मुलाकात की। यह एक सद्भावना मुलाकात थी। मेरे पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है, मैं जो कुछ भी करता हूँ वह सबके सामने होता है।”

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और श्री शिंदे के बीच अनबन की अफवाहों के बीच उनके दिल्ली के बढ़ते दौरों ने ध्यान खींचा है।

हालांकि श्री शिंदे ने ज़ोर देकर कहा कि शाह के साथ मुलाकात को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए, उन्होंने दोहराया कि यह केवल एक सद्भावना मुलाकात थी।

पिछली मुलाकात की खबरों का खंडन करते हुए श्री शिंदे ने कहा, “मैं अपनी पिछली दिल्ली यात्रा के दौरान अमित शाह से नहीं मिला था।”

श्री शिंदे ने बताया कि बैठक के दौरान शाह के समक्ष उनकी पार्टी के सांसदों से संबंधित कुछ मुद्दे उठाए गए।

उन्होंने आगे कहा, “महाराष्ट्र में केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा संयुक्त रूप से कई विकास परियोजनाएं चलाई जा रही हैं। हमने इन पहलों पर भी चर्चा की।”

 

 

Next Post

मोदी शंघाई सहयोग संगठन की शिखर बैठक के लिए इस माह जा सकते हैं चीन

Thu Aug 7 , 2025
नई दिल्ली, (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए इस माह के अंत में चीन की यात्रा पर जा सकते हैं। यह सम्मेलन तियानजिन में 31 अगस्त से एक सितंबर होने जा रहा है जिसमें संगठन के एक और प्रमुख सदस्य […]

You May Like

मनोरंजन