घडूंआ 26 अगस्त (वार्ता) पंजाब में मोहाली के ऐतिहासिक एवं प्राचीन गांव घडूंआ में विकास कार्य के लिए जमीन की खुदाई के दौरान चांदी के पुराने सिक्कों से भरा एक कुज्जा (मिट्टी का बर्तन) मिलने से सनसनी फैल गई है।
खजाना मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कल देर रात तक गांव में हलचल बनी रही। कई ग्रामीण टॉर्च और खुदाई के औजार लेकर अंधेरे में भी जमीन खंगालते नजर आए।
जानकारी के अनुसार गांव के पुराने पंचायत घर की जगह पर नई आधुनिक लाइब्रेरी का निर्माण किया जा रहा है। मजदूर लाइब्रेरी की नींव के लिए जमीन की खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान मिट्टी के भीतर एक पुराना और आंशिक रूप से टूटा हुआ कुज्जा दिखाई दिया। उसे बाहर निकालने पर उसमें बड़ी संख्या में पुराने चांदी के सिक्के मिले।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार सिक्कों पर उर्दू भाषा में कुछ लिखा हुआ है। शुरुआती तौर पर इन्हें किसी पुराने राजवंश अथवा ऐतिहासिक काल से संबंधित माना जा रहा है। हालांकि सिक्कों की वास्तविक प्राचीनता, संख्या और ऐतिहासिक महत्व की पुष्टि विशेषज्ञों की जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुरातत्व विभाग अथवा संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद सिक्के किस काल के हैं और उनका वास्तविक ऐतिहासिक महत्व क्या है।
