ग्वालियर: नवगठित छठवां राज्य वित्त आयोग आज बुधवार को ग्वालियर प्रवास पर है। दोपहर में राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों एवं संभाग स्तरीय बैठकें आयोजित हुई। इस दौरान वित्त आयोग द्वारा स्थानीय स्वशासी संस्थाओं की वित्तीय स्थिति, पारदर्शिता, गुणवत्ता तथा आर्थिक स्वावलंबन के संबंध में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से सुझाव प्राप्त किए गए। ग्वालियर आए राज्य वित्त आयोग के दल में आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया, सदस्य के के सिंह एवं सदस्य सचिव वीरेन्द्र कुमार शामिल हैं।
आयोग के अध्यक्ष पवैया की अध्यक्षता में व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार पर जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में ग्वालियर जिले के मंत्रिगण, सांसद व विधायकगण, महापौर, नगर निगम सभापति, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं स्थानीय नगरीय निकाय व पंचायत राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों से वित्तीय स्थिति पर चर्चा कर जनप्रतिनिधियों के सुझाव लिए गए।
पवैया की अध्यक्षता में दोपहर को ही चंद्रबदनी नाका के समीप स्थित संभाग आयुक्त कार्यालय के सभागार में संभागीय आयुक्त, ग्वालियर संभाग के विभिन्न जिलों के कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त ग्वालियर एवं ग्वालियर संभाग के समस्त जिला मुख्यालयों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में निकायों के मूल दायित्वों, स्वच्छता, पेयजल, विकास कार्यों की गुणवत्ता तथा स्वयं के राजस्व स्रोतों में वृद्धि के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही नगरीय एवं पंचायत क्षेत्रों में सहकारिता आधारित नवाचारों पर भी चर्चा की गई।वित्त आयोग का दल कल 21 मई को मुरैना में चंबल संभाग के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक करेगा। दौरे के दौरान आयोग द्वारा केंद्र एवं राज्य पोषित योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानने के लिए औचक निरीक्षण भी किया जायेगा।
