
इंदौर. साकेत नगर चौराहे से पलासिया होते हुए घंटाघर की ओर जा रही एक चलती कार में अचानक आग लगने से अफरा तफरी मच गई. समय रहते पुलिस की सूझबूझ और तत्परता से बड़ी दुर्घटना टल गई.
जानकारी के अनुसार, वाहन क्रमांक एमपी 09 सीजे 6003 के आगे के हिस्से से धुआं और आग की लपटें उठती देख आरक्षक मनोज ने तत्काल चालक को वाहन साइड में लगाने के लिए कहा और उसे आग लगने की जानकारी देकर तुरंत बाहर निकलने की सलाह दी. अचानक हुई घटना से चालक घबरा गया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे शांत कर सुरक्षित स्थान पर हटाया. इसके बाद सूबेदार ब्रजराज अजनार, आरक्षक मनोज, आरक्षक पवन एवं सैनिक सूरज ने मौके पर मिलकर उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाया. पुलिस की तुरंत कार्रवाई से न केवल वाहन स्वामी की जान सुरक्षित रही, बल्कि एक बड़ा हादसा होने से भी टल गया.
