बस के आगे अब बेबस नहीं होंगे यात्री और श्रद्धालु, 200 रु में 2 घंटे होंगी यात्रा 

उज्जैन। महाकाल की नगरी उज्जैन में रविवार विकास और सुविधाओं की नई सौगातों का दिन रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महाकाल लोक से पीएम ई-बस सेवा और उज्जैन दर्शन सेवा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने बसों को हरी झंडी दिखाने के साथ स्वयं भी बस में सफर किया। मात्र 200 रुपए में 2 घंटे तक शहर के सभी देवालय शिवालय में उज्जैन दर्शन की बस श्रद्धालुओं को यात्रा कराएगी.

वेदपाठी बटुकों के मंत्रोच्चार और डमरू वादन के बीच शुरू हुई इस सेवा से श्रद्धालुओं, पर्यटकों और नगरवासियों को प्रमुख धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक के बाद एक उज्जैन को नई सौगात मिल रही है और शहर विकास के नए कीर्तिमान बना रहा है।

उज्जैन दर्शन सेवा में 10 ई-बसें संचालित होंगी। मेघदूत वन पार्किंग से शुरू होकर महाकाल लोक, हरसिद्धि मंदिर, क्षिप्रा नदी, ऋणमुक्तेश्वर महादेव, भर्तृहरि गुफा, गढ़ कालिका, काल भैरव, सिद्धवट, अंगारेश्वर, मंगलनाथ, सांदीपनि आश्रम, भूखी माता, चिंतामण गणेश, अष्ट विनायक, शनि नवग्रह, इस्कॉन मंदिर, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन होते हुए बस वापस मेघदूत वन पार्किंग पहुंचेगी।

सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत लोक निर्माण विभाग की 14.42 किलोमीटर लंबी सडक़, आरओबी और पुल निर्माण परियोजनाओं की प्रगति भी मुख्यमंत्री ने देखी। हरिफाटक से लालपुर, मुल्लापुरा होते हुए शंकराचार्य चौराहा से चंदूखेड़ी मार्ग पर फोर और सिक्स लेन सडक़, क्षिप्रा नदी पर अतिरिक्त पुल तथा टू-लेन आरओबी के निर्माण कार्य इसमें शामिल हैं।

डिजिटल भुगतान की सुविधा, पुलिस थाने की ओपनिंग

27.01 किलोमीटर के इस मार्ग का किराया 200 रुपए रहेगा और डिजिटल भुगतान की सुविधा होगी। यात्री निर्धारित टिकट की वैधता अवधि में अलग-अलग स्थानों पर उतरकर दर्शन करने के बाद अगली बस से यात्रा जारी रख सकेंगे। बसों में जीपीएस, लाइव सीसीटीवी, डिजिटल टिकटिंग और उज्जैन दर्शन गाइड जैसी सुविधाएं रहेंगी। शहर में सुगम परिवहन सेवा के तहत 12 अन्य मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं। लोकार्पित कार्यों में नीलगंगा और उन्हेल में निर्मित पुलिस आवास एवं थाना भवन तथा बडऩगर में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र शामिल हैं। इससे पुलिस अधोसंरचना मजबूत होने के साथ सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी।

Next Post

धौंस जमाने सोशल मीडिया पर बमबाजी का वीडियो किया वायरल

Sun Sep 27 , 2026
जबलपुर। अधारताल थाना अंतर्गत जगदम्बा नगर महाराजपुर में 5 अगस्त की रात्रि पाँच बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ बमबाजी की थी। पुलिस ने मामले में चार 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है जिसकी तलाश जारी है। इस बीच, बदमाशों […]

You May Like