
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) भोपाल इकाई में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 182वीं बैठक कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक में उपाध्याय ने कहा कि इकाई के विभिन्न ब्लॉकों और एनेक्सियों में हिंदी का सशक्त वातावरण विकसित हुआ है। उन्होंने बताया कि कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का प्रयोग लगातार बढ़ रहा है तथा इसे और अधिक बढ़ाने की आवश्यकता है, विशेषकर वेबसाइट, ईमेल और दैनिक कार्यों में।
इससे पूर्व टी.यू. सिंह ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से भोपाल इकाई राजभाषा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है। उन्होंने आग्रह किया कि हिंदी में प्राप्त पत्रों का उत्तर अनिवार्य रूप से हिंदी में दिया जाए।
बैठक में समिति की सचिव एवं प्रबंधक (राजभाषा) पूनम साहू ने पिछली तिमाही की गतिविधियों की समीक्षा प्रस्तुत की तथा आगामी कार्ययोजना की रूपरेखा बताई।
बैठक में आगामी तिमाही के लिए विभागीय योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और विभिन्न पहलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
