
मुरैना, 04 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के महुआ थाना क्षेत्र में मोटर साइकिल सवार बदमाश एक युवक को गोली मारकर उसकी पत्नी के जेवर लूटकर फरार हो गए हैं। घायल युवक को इलाज के लिए समीप के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रविकांत शाखबार कल देर रात अपनी पत्नी के साथ राजाखेड़ा से मोटर साइकिल से अपने गांव कुम्हरपुरा लौट रहे थे, तभी जिले के महुआ थाना क्षेत्र के गांव उसेद के समीप तीन मोटर साइकिलों पर सवार आधा दर्जन बदमाशों ने उनकी बाइक रोकी और एक बदमाश ने रविकांत को कट्टे से गोली मारकर घायल कर दिया और पत्नी पूनम से करीब दो लाख रुपए कीमत के सोने चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित दंपत्ति ने पुलिस को बताया कि लुटेरे पिनहाट उत्तर प्रदेश से ही उनका पीछा कर रहे थे और जैसे ही उन्होंने चंबल उसेदाघाट पुल पार किया और बदमाशों ने उसेद गांव के समीप उन्हें रोककर लूट की घटना का अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
