नयी दिल्ली, 22 सितंबर (वार्ता) ताइवान की प्रमुख विमान सेवा कंपनी स्टारलक्स एयरलाइंस ने इंटरग्लोब एयर ट्रांसपोर्ट को भारत में अपना जनरल सेल्स एजेंट (जीएसए) नियुक्त किया है। दोनों कंपनियों को ओर से मंगलवार को जारी संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह रणनीतिक सहयोग यात्रियों और व्यापार में उनके सहभागियों को इस बुटीक एयरलाइन के प्रीमियम नेटवर्क तक आसान पहुंच प्रदान करेगा। यह स्टारलक्स की विस्तार रणनीति में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इससे देश भर में इसकी ब्रांड उपस्थिति को काफी मजबूती मिलेगी।
ताइवान की प्रमुख अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा कंपनी के रूप में स्टारलक्स वर्तमान में ताइवान से यात्रियों को अमेरिका, जापान, दक्षिण कोरिया, हांगकांग, मकाऊ, वियतनाम, थाईलैंड, फिलीपींस, मलेशिया, सिंगापुर और इंडोनेशिया जैसे प्रमुख गंतव्यों से जोड़ती है।
भारत में एयरलाइंस के विस्तार और वाणिज्यिक उद्देश्यों के लिए उसने इंटरग्लोब के साथ करार किया है जो यात्री और मालवहन दोनों सेगमेंट के लिए व्यापक बिक्री, विपणन, वितरण, परिचालन समर्थन और नियामकीय मंजूरियां लेने की जिम्मेदारी संभालेगा। इसमें ब्रांड के बारे में जागरूकता बढ़ाने, यात्रियों की मांग बढ़ाने, व्यापारिक साझेदारी का विस्तार करने और क्षेत्र में कार्गो के अवसर विकसित करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
स्टारलक्स एयरलाइंस के मुख्य रणनीतिक अधिकारी साइमन लियू ने कहा, “भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते विमानन बाजारों में से एक है। यह स्टारलक्स एयरलाइंस की दीर्घकालिक नेटवर्क विकास रणनीति में एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। हम इंटरग्लोब एयर ट्रांसपोर्ट के साथ मिलकर और अधिक भारतीय यात्रियों और कार्गो ग्राहकों को हमारे बढ़ते ग्लोबल नेटवर्क पर स्टारलक्स की सेवा और प्रीमियम यात्रा अनुभव से परिचित कराने के लिए उत्सुक हैं।”
इंटरग्लोब एयर ट्रांसपोर्ट के निदेशक, जे.बी. सिंह ने कहा, “हमें देश में स्टारलक्स एयरलाइंस का प्रतिनिधित्व करने और दुनिया की सबसे पसंदीदा प्रीमियम विमान सेवा कंपनियों में से एक के विकास में मदद करने पर खुशी है। एयरलाइन ने ग्राहकों पर ध्यान देने वाले नज़रिये, आधुनिक बेड़े और बेहतरीन सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के जरिये यात्रा के अनुभव को नये सिरे से परिभाषित करके अपनी मजबूत पहचान बनाई है। यह साझेदारी भारतीय ग्राहकों के लिए उच्च-गुणवत्ता वाले, ग्लोबल यात्रा विकल्प लाने की हमारी प्रतिबद्धता के साथ पूरी तरह मेल खाती है।”

