फिंगर प्रिंट की मदद से सुलझी ड्रीम सिटी की चोरी, दो गिरफ्तार

जबलपुर: ड्रीम सिटी में रिटायर्ड बीएसएनल कर्मचारी के घर हुई 4.75 लाख की चोरी बरेला पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की मदद से सुलझा ली है। मामले में एक बालक समेत दो को गिरफ्तार किया गया है। जिनके कब्जे से सोने-चांदी के जेवर और कीमती सोनी कैमरा सहित कुल 4.75 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है।थाना प्रभारी बरेला शुभम सिंह ठाकुर ने बताया कि ड्रीम सिटी पडरिया निवासी रविकांत चावरिया (63) बीएसएनएल से सेवानिवृत्त हैं, 25 अगस्त 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

फरियादी के मुताबिक 24 अगस्त की रात वे अपने परिवार के साथ सदर स्थित पुराने घर गए थे। अगले दिन सुबह जब उनके बेटे देवांश और बहू आस्था घर पहुंचे, तो देखा कि मुख्य द्वार, कमरों और अलमारी के लॉकर टूटे हुए थे। अज्ञात चोरों ने घर से सोने-चांदी के पुराने जेवर, 30 हजार रुपये नकद और एक सोनी कंपनी का कैमरा पार कर दिए थे। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस कंट्रोल रूम जबलपुर की फिंगर प्रिंट शाखा को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।

फिंगर प्रिंट रिपोर्ट के आधार पर संदेहियों को चिन्हित किया गया, जिससे पुलिस एक 17 वर्षीय किशोर तक पहुँच गई। पुलिस अभिरक्षा में लिए गए किशोर ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल किया। उसने बताया कि उसने अपने दोस्त मोहित कोरी उर्फ अनुज (19 ) निवासी कुडार्क टाउनशिप तिलहरी के साथ मिलकर इस चोरी को अंजाम दिया था। चोरी के बाद किशोर ने कैमरा और लेंस अपने पास रख लिए थे, जबकि सोने-चांदी के जेवर मोहित कोरी ने रखे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर कैमरा और 3 लेंस, सोने का एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी बाली, एक अंगूठी, चांदी की एक जोड़ी पायल कुल कीमत 4,75,000 रुपये का माल बरामद किया गया। कार्यवाही के बाद 17 वर्षीय किशोर को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया। वहीं, मुख्य आरोपी मोहित कोरी को न्यायालय के समक्ष पेश कर केन्द्रीय जेल भेज दिया गया है।

Next Post

धरोहरों को सहेजना हम सबकी जिम्मेदारी: सांसद

Sun Mar 22 , 2026
जबलपुर: जबलपुर ताल तलैयों का शहर है, इसके साथ-साथ बहुत सारी पुरानी विरासत और धरोहर भी है, जिसे सहेजना हम सबकी जिम्मेदारी है। धरोहरों को सहेजना हम सबकी जिम्मेदारी है। यह बातें सांसद आशीष दुबे ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत माढ़ोताल तालाब सफाई की सफाई के दौरान कहीं […]

You May Like

मनोरंजन