भिंड:ग्वालियर-चंबल संभाग में लगातार बारिश से यहां की लगभग सभी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। पिछले दो महीने में चंबल और क्वारी नदी तीसरी बार खतरे के निशान पर पहुंची हैं। सिंध नदी भी उफान पर है। दतिया जिले के सेंवढ़ा के सनकुआ घाट पर बना पुल शुक्रवार रातभर पानी में डूबा रहा। सुबह पानी थोड़ा कम हुआ है, लेकिन अब भी पुल की सतह से पानी टकरा रहा है। पुल पर चार पहिया वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
भिंड जिले में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। आज सुबह से आसमान साफ है और धूप भी निकली है। हालांकि बीच-बीच में बादल छा जाते हैं। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 24 घंटे में और बारिश हो सकती है। ग्वालियर-चंबल संभाग में पिछले तीन दिन से लगातार भारी बारिश हुई है।सांक, बैसली और आसन नदी के कैचमेंट एरिया में अच्छी बारिश होने से भिंड जिले में बहने वाली झिलमिल और आसन नदी का जलस्तर बढ़ा है। मुरैना के पिलुआ बांध से पानी छोड़े जाने के कारण क्वारी नदी का जलस्तर पिछले तीन दिनों से खतरे के निशान पर बना हुआ है। हालांकि अब पानी बढ़ना कम हो गया है। चंबल नदी भी पिछले 24 घंटे से खतरे के निशान पर है।
