भोपाल: मध्यप्रदेश में चार मौसम प्रणालियां सक्रिय होने से अगले 24 घंटे मौसम के लिहाज से अहम रहेंगे। मौसम विभाग ने ग्वालियर, चंबल, उज्जैन और इंदौर संभाग के जिलों में शनिवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, गुना, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, भिंड, इंदौर, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, आगर मालवा, देवास, मंदसौर, नीमच, रतलाम, शाजापुर और उज्जैन सहित 23 जिलों को अलर्ट पर रखा गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिमी मध्यप्रदेश पर चक्रवात तथा मानसून द्रोणिका के सक्रिय रहने से प्रदेश में रुक-रुककर तीन दिन तक वर्षा का दौर जारी रह सकता है।
