बंगलादेश के उच्चायुक्त तीन दिवसीय त्रिपुरा दौरे पर, मुख्यमंत्री से करेंगे मुलाकात

अगरतला, (वार्ता) शेख हसीना सरकार के पतन के बाद दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में आई ठंडक के बीच भारत में बंगलादेश के उच्चायुक्त एम रियाज हमीदुल्ला आज तीन दिवसीय यात्रा पर अगरतला पहुंचे।

यहां पहुंचने के बाद उन्होंने शहर के अल्बर्ट एक्का पार्क में 1971 के बंगलादेशी मुक्ति संग्राम के शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की, इसके बाद बंगलादेश सहायक उच्चायोग कार्यालय का दौरा किया। बाद में उन्होंने अगरतला में एकीकृत चेक पोस्ट (आईसीपी) और अखौरा लैंड पोर्ट का दौरा किया।

वह भारत और बंगलादेश की प्रमुख संपर्क परियोजनाओं, सीमा पार अपराध और अवैध आवाजाही, व्यापार एवं वाणिज्य तथा दोनों देशों के बीच सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों को नवीनीकृत करने पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा से मुलाकात करेंगे, जो मुहम्मद यूनुस प्रशासन के आने के बाद तनावपूर्ण हो गए हैं।

अधिकारियों ने यहां कहा कि श्री हमीदुल्ला अखौरा आईसीपी के रास्ते बंगलादेश के आशुगंज और ब्राह्मणबरिया स्थित उपायुक्त कार्यालय जाएंगे तथा अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन के साथ बैठक के बाद शाम को अगरतला लौट आएंगे।

उनसे निश्चिंतपुर रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण करने की उम्मीद है जो आगामी अखौरा-अगरतला रेल संपर्क का हिस्सा है, जो सीमा पार रेल संपर्क को बढ़ावा देने के लिए तैयार ह लेकिन पिछले कुछ महीनों से यह ठंडे बस्ते में है।

श्री हमीदुल्ला चार अगस्त को राजभवन में राज्यपाल इंद्रसेन रेड्डी नल्लू से मुलाकात करेंगे उसके बाद वह दक्षिण त्रिपुरा में सबरूम एकीकृत चेक पोस्ट और मैत्री सेतु का दौरा करेंगे जो चटगांव समुद्री बंदरगाह के माध्यम से दक्षिण एशियाई देशों के बीच बढ़ते भारत-बंगलादेश संपर्क एवं सहयोग का प्रतीक है।

उनका चार अगस्त को अगरतला से दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है। हसीना सरकार के पतन के बाद यह पहली बार है जब बंगलादेश के किसी शीर्ष राजनयिक ने त्रिपुरा का दौरा किया है। हसीना के शासन में एक दशक से भी ज़्यादा समय से बने लोगों के बीच के रिश्ते अब कमज़ोर होने लगे हैं और दोनों देशों के बीच सीमा पर तनाव बढ़ गया है।

Next Post

यूनिटेक, अन्य के मामले में ईडी ने की यूफ्लेक्स समूह के 25 करोड रुपए की सावथि जमा की कुर्की

Sat Aug 2 , 2025
नयी दिल्ली, 01 अगस्त (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी) ने यूनिटेक लिमिटेड एवं अन्य के मामले में मनी लांड्रिंग निवारक अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के प्रावधानों के तहत यूफ्लेक्स समूह (यूफ्लेक्स लिमिटेड और अंशिका इन्वेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड) की 25 करोड़ रुपये मूल्य की सावधि जमा के रूप में चल संपत्तियों को […]

You May Like