
जबलपुर। ग्वारीघाट थाना अंतर्गत गणेश मंदिर के सामने स्थित एक जनरल स्टोर्स को चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोर दुकान के पीछे के दरवाजे की चटकनी खोलकर अंदर घुसे और गल्ले में रखी नगदी सहित हजारों रुपये के कॉस्मेटिक और आर्टिफिशियल गहने समेटकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, अवधपुरी कॉलोनी निवासी अशोक कुमार होतवानी (65) की गणेश मंदिर के सामने मनोज जनरल स्टोर्स के नाम से दुकान है। बीती रात करीब 10 बजे अशोक कुमार अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 9 बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे, तो पीछे का दरवाजा खुला हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने दुकान से महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स और कृत्रिम गहनों पर हाथ साफ किया। चोर फेशियल किट, पोंड्स पाउडर, फेयर एंड लवली, पोंड्स क्रीम, जॉय क्रीम, हार सेट, पायल, कंगन और मंगलसूत्र, गल्ले में रखे 20,000 नगद चुराकर ले गए। पीड़ित के अनुसार, करीब 12,000 का सामान और 20,000 नगद मिलाकर कुल 32,000 की चोरी हुई है।
