मुरैना: मुरैना जिले में अवैध पत्थरों के परिवहन ने एक बार फिर तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। माता बसैया थाना क्षेत्र में पाराशर की तिवारिया (जीगनी) गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर गलत दिशा में चली गई और सामने से आ रहे सवारी ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया जबकि पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली भी सड़क किनारे पलट गई।
पुलिस के अनुसार बानमोर के विजयपुरा निवासी राठौर परिवार कुलदेवता हुराई भूमिया मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए ऑटो से जा रहा था। परिवार दिल्ली के नजफगढ़ में रहता है और बेटे की शादी के बाद विशेष पूजा के लिए गांव आया था। सोमवार को रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
ये हुए हताहत
हादसे में महेंद्र राठौर (50), मनोरमा राठौर (45) और ऑटो चालक रामकेश कुशवाह (45) की मौत हो गई। वहीं सूरज (24), अंजलि (22), गुंजन (14), वंशिका (3) और मीना (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में सूरज की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पत्थरों के नीचे दबे रहे घायल, ड्राइवर फरार
टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से कई यात्री पत्थरों के नीचे दब गए और मदद के लिए चीखते रहे। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
अवैध परिवहन पर फिर उठे सवाल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से पत्थर लादे गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर जिले में अवैध खनन और पत्थरों के अवैध परिवहन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
