
भोपाल। लोकतंत्र की बुनियाद पर हमला बताते हुए कांग्रेस ने मंगलवार को भाजपा पदाधिकारियों पर फार्म-7 के दुरुपयोग के जरिए वर्षों से रह रहे नागरिकों के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास करने का आरोप लगाया। कांग्रेस का कहना है कि 40 से 50 वर्षों से क्षेत्र में निवास कर रहे मतदाताओं के नाम काटने की कोशिश असंवैधानिक है और नागरिकों के मतदान अधिकार पर सीधा हमला है।
दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के सेवनिया गोंड स्थित बूथ क्रमांक 12 और 13 के मतदाताओं के साथ पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा टीटी नगर एसीपी कार्यालय पहुंचे, जहां कथित दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण में मतदाता सूची में बदलाव कर चुनाव से पहले ही जनता की आवाज दबाने की साजिश रची जा रही है।
समर्थकों को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि यह लड़ाई केवल कुछ नाम बचाने की नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा मताधिकार की रक्षा की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मतदाताओं को सूची से मिटाने के प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने वाले हैं।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, पार्षद योगेंद्र सिंह गुड्डू चौहान, देवांशु कसाना सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने दोहराया कि अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा और हर कीमत पर मतदान अधिकारों की रक्षा की जाएगी।
