नयी दिल्ली, 11 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. पी.के. मिश्रा ने कहा है कि जलवायु परिवर्तन, कृषि, खाद्य सुरक्षा और पोषण की चुनौतियों से निपटने के लिए वैज्ञानिक शोध, सटीक आंकड़ों और नीतिगत फैसलों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।
उन्होंने कहा कि देश के 651 कृषि जिलों में से 310 जिले जलवायु परिवर्तन के लिहाज से अत्यधिक या बहुत अधिक संवेदनशील हैं। ऐसे में सभी क्षेत्रों के लिए एक जैसी नीति के बजाय स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार उपाय करने होंगे।
डॉ. मिश्रा ने बुधवार को भारतीय प्रबंधन संस्थान, कोझिकोड में पर्यावरण एवं विकास नेटवर्क की 20वीं वार्षिक बैठक के उद्घाटन सत्र को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन का असर केवल पर्यावरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे कृषि उत्पादन, पानी की उपलब्धता, खाद्य कीमतों, स्वास्थ्य और आजीविका पर भी प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा का मतलब केवल पर्याप्त अनाज उत्पादन नहीं है। लोगों को सस्ता, विविध और पौष्टिक भोजन मिलना भी जरूरी है। जलवायु संबंधी बदलावों से दाल, फल, सब्जियों और दूध जैसे पोषक खाद्य पदार्थों की उपलब्धता और कीमत प्रभावित हो सकती है।
डॉ. मिश्रा ने जिला स्तर के सटीक आंकड़ों के इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि आंकड़े केवल स्थिति मापने के लिए नहीं, बल्कि आने वाली चुनौतियों का अनुमान लगाने और समय रहते कार्रवाई करने में मददगार होने चाहिए। उन्होंने शोध और नीतियों के बीच साझेदारी मजबूत करने तथा ग्लोबल साउथ के देशों के बीच सहयोग बढ़ाने की जरूरत भी बताई।
उन्होंने कहा कि भारत का लक्ष्य 2047 तक विकसित राष्ट्र बनना और 2070 तक नेट जीरो उत्सर्जन हासिल करना है। इसके साथ आर्थिक विकास, गरीबी में कमी और लोगों के जीवन स्तर में सुधार को भी सुरक्षित रखना जरूरी है।
Next Post
कोलकाता एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक का मिला अलर्ट, पायलट के मैसेज के बाद आइसोलेशन बे में विमान की सघन जांच जारी
Wed Nov 11 , 2026
कोलकाता, कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान (फ्लाइट नंबर AI 772) में हाईजैक का अलर्ट मिलने की खबर सामने आई। पायलट द्वारा ‘हाईजैक’ का संदेश भेजे जाने के तुरंत बाद विमानन और सुरक्षा […]

You May Like
-
2 months ago
मंत्रालय परिसर के गणेश मंदिर में गणेशोत्सव शुरू
-
2 months ago
इमोजी का दौर: एक क्लिक में भावनाओं की पूरी कहानी
