डूंगलावदा में दर्दनाक हादसा: ट्राले के नीचे आया बाइक सवार, 35 वर्षीय कृष्णा ग्वाला की मौके पर मौत

नीमच। कैंट थाना क्षेत्र के ग्राम डूंगलावदा में गुरुवार को सडक़ हादसे में मोटरसाइकिल सवार 35 वर्षीय कृष्णा ग्वाला की ट्राले की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को शव वाहन से नीमच जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार ग्वालटोली निवासी कृष्णा ग्वाला पिता बंशीलाल ग्वाला मजदूरी के लिए मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान डूंगलावदा क्षेत्र में वे ट्राले की चपेट में आ गए। टक्कर के बाद कृष्णा ट्राले के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।

हादसे की खबर ग्वालटोली पहुंचने के बाद परिवार में मातम छा गया। बड़ी संख्या में परिजन, समाजजन, ग्रामीण और परिचित जिला अस्पताल पहुंचे।

सिटी फोरलेन निर्माण की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

हादसे के बाद क्षेत्र में चल रहे सिटी फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। ग्वालटोली के पार्षद एवं समाजसेवी हरगोविंद दीवान ने आरोप लगाया कि निर्माणाधीन हिस्सों में पर्याप्त सांकेतिक एवं चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। कई स्थानों पर सडक़ की खुदाई और मिट्टी के ढेर होने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है।

दीवान का कहना है कि निर्माणाधीन सडक़ और सामान्य मार्ग के बीच पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था एवं संकेतक नहीं होने से हादसों का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि इसी क्षेत्र में कुछ दिन पहले ग्वालटोली के गडोलिया समाज के एक व्यक्ति की भी सडक़ हादसे में मौत हुई थी और अब ग्वाला समाज के युवक की जान चली गई। उनके अनुसार क्षेत्र में पहले भी तीन-चार बड़े हादसे हो चुके हैं।

निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने की मांग

पार्षद हरगोविंद दीवान ने जिला प्रशासन से निर्माणाधीन सिटी फोरलेन पर पर्याप्त सांकेतिक बोर्ड लगाने, सडक़ की खुदाई वाले स्थानों और मिट्टी के ढेर को व्यवस्थित कराने तथा सुरक्षा के जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है।

उन्होंने निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार ठेकेदार के विरुद्ध उचित वैधानिक कार्रवाई करने की मांग भी की। साथ ही मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग प्रशासन से की गई है।

फिलहाल पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्थिति पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।

Next Post

सेवा संकल्प अभियान में मऊगंज ने दिया मानव सेवा का संदेश

Thu Sep 17 , 2026
मऊगंज, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में मानव सेवा और जनभागीदारी का प्रेरक उदाहरण सामने आया. इसी के साथ जिले में सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों का शुभारंभ भी हुआ. जिले के लिए राज्य स्तर से नियुक्त नोडल अधिकारी सह […]

You May Like