इंदौर: शहर में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच कि टीम ने दो युवकों को ब्राउन शुगर की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया. आरोपियों के कब्जे से 28.68 ग्राम ब्राउन शुगर और एक हीरो मेस्ट्रो गाड़ी बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 3.50 लाख रुपए आंकी गई है. जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 2.80 लाख रुपए बताई गई है.
एडीसीपी क्राईम राजेश दंडोतिया ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए क्राइम ब्रांच की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं. इसी दौरान टीम ने खजराना क्षेत्र स्थित शहीद पेट्रोल पंप रोड, पटेल नगर पर दो संदिग्ध युवकों को देखा, जो पुलिस को देखकर भागने लगे. घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपियों की पहचान कपिल यादव निवासी लिंबोदी और कमल धनवाल निवासी तलावली चांदा के रूप में हुई.
दोनों की तलाशी लेने पर उनके पास से 28.68 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सस्ते दामों पर नशे का माल खरीदकर शहर में नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचते थे. दोनों आरोपी पेशे से ड्राइवर हैं और केवल पांचवीं तक पढ़े हुए हैं. जांच में यह भी सामने आया कि कपिल यादव के खिलाफ पूर्व में भी कई अपराध दर्ज हैं, जिनकी जानकारी अन्य जिलों से भी ली जा रही है. क्राइम ब्रांच ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
