ढाका, 17 जनवरी (वार्ता) बंगलादेश के कॉक्स बाजार के टेकनाफ में मोचनी रोहिंग्या शिविर में गुरुवार रात लगी भीषण आग में जलकर एक बच्चे की मौत हो गयी और एक सौ से अधिक शिविर जलकर नष्ट हो गए।
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, 16वीं सशस्त्र पुलिस बटालियन (एपीबीएन) के अतिरिक्त उप महानिरीक्षक मोहम्मद कौसर सिकदर ने एक बच्चे की भीषण आग में जलकर हुई मौत की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि भीषण आग हनीला यूनियन के ब्लॉक पी-3 स्थित एक शिविर में लगी थी। आग की चपेट में आसपास लगे शिविर भी आ गए।
अधिकारी ने कहा “ रोहिंग्या निवासियों ने एपीबीएन कर्मियों और दमकल कर्मियों के साथ मिलकर करीब एक घंटे बाद कड़ी मशक्कत करके आग पर काबू पाया।
इसी बीच, टेकनाफ फायर सर्विस की संचालन टीम के नेता मुकुल कुमार नाथ ने कहा कि इकाइयों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय निवासियों ने काफी हद तक आग पर काबू पा लिया था। उन्होंने बताया कि कई लोगों के घायल होने की भी खबर है।
दमकलकर्मी ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने और घटना से हुए नुकसान का आकलन करने के लिये प्रयास जारी हैं।

