अभाविप ने सांदीपनि विद्यालय गेट पर जड़ा ताला

शाजापुर, बसों की मांग को लेकर सरदार वल्लभभाई पटेल सांदीपनि विद्यालय के मुख्य गेट पर शनिवार को एबीवीपी कार्यकर्ता और छात्रों ने प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया. सूचना पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाईश के बाद मामला शांत कराया.

प्रदर्शन के दौरान जिला पंचायत सीईओ, एसडीएम मनीषा वास्कले,तहसीलदार गौरव पोरवाल, एसडीओपी अजय मिश्रा और लालघाटी थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मुजाल्दे सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी दीपा किर को ज्ञापन सौंपकर एक सप्ताह के भीतर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने की मांग की. अभाविप के नगर मंत्री आयुष शर्मा ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर बसों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो परिषद उग्र आंदोलन करेगी और सडक़ पर चक्का जाम किया जाएगा. इसकी जिम्मेदारी स्कूल प्रशासन और जिला शिक्षा अधिकारी की होगी. मामले में जिला शिक्षा अधिकारी दीपा किर ने बताया कि इस साल नए प्रवेश के कारण स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है, जिससे अतिरिक्त बसों की जरूरत पड़ी है. इसके लिए कमिश्नर को प्रस्ताव भेजा जा चुका है. उन्होंने बताया कि पहले भी प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन अन्य जिलों से मांग नहीं आने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी. उन्होंने कहा कि हाल ही में डीपीआई स्तर पर इस संबंध में चर्चा हुई है. सभी जिलों के प्रस्ताव एक साथ भेजे जाएंगे. वित्त विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी. वर्तमान में विद्यालय में 15 बसें संचालित हैं, जबकि यहां करीब 2,800 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं. विद्यार्थियों का कहना है कि बसों की कमी के कारण उन्हें हर दिन स्कूल आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

Next Post

कल जगदीशपुर में कैबिनेट: ​शौर्य और संस्कृति का सम्मान: रानी दुर्गावती, देवी अहिल्या और राजा भभूत सिंह की स्मृति में झुकी सरकार

Sat Jul 18 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मंत्रि परिषद बैठकों के आयोजन के लिए नवाचार करते हुए प्रदेश के विभिन्न अंचलों में इन्हें करने की पहल की। जनकल्याण से जुड़े नीतिगत निर्णय सिर्फ मंत्रालय, भोपाल में ही नहीं प्रदेश के सुदूर अंचलों में भी लिए जाने लगे हैं। राजधानी भोपाल से […]

You May Like