शक्ति नगर, सोनभद्र
उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश की सीमा को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण शक्ति नगर–विंध्यनगर मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। राख (फ्लाई ऐश) परिवहन एवं भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील हो गई है।
एनटीपीसी तृतीय चरण विस्तार परियोजना के कार्यों के चलते सिंपलेक्स कॉलोनी जाने वाले मार्ग का डायवर्सन किए जाने के कारण यातायात का दबाव इस मार्ग पर बढ़ गया है। सोमवार रात्रि हुई वर्षा के बाद सड़क पर बड़े पैमाने पर जलभराव हो गया, जिससे मार्ग लगभग अवरुद्ध हो गया और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार अनुरोध एवं शिकायत किए जाने के बावजूद संबंधित परियोजना प्रबंधन द्वारा मार्ग की मरम्मत एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। परिणामस्वरूप राहगीरों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि यह मार्ग उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। सड़क की वर्तमान स्थिति के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने एनटीपीसी परियोजना प्रबंधन एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से तत्काल सड़क की मरम्मत, जल निकासी की व्यवस्था तथा यातायात को सुचारु बनाए जाने हेतु आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
