
अवैध कट्टा-कारतूस और पैशन बाइक बरामद
पड़ोसी जिलों में भी कर चुका है कई वारदातें
भोपाल, 17 जनवरी. कोहेफिजा पुलिस ने चकमा देकर जयप्रकाश अस्पताल से फरार हुए एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास अवैध रूप से रखा कट्टा और कारतूस तथा एक पैशन बाइक जब्त की गई है. आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है. जानकारी के अनुसार बदमाश जयंत लोधी पुत्री कालूराम लोधी (18) ग्राम जम्बार बागरी, थाना सिटी कोतवाली जिला विदिशा का रहने वाला है. पिछले दिनों पुलिस ने उसे 400 ग्राम चांदी की चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था. बीती 9 जनवरी को आरोपी को मेडिकल परीक्षण के लिए जयप्रकाश अस्पताल पहुंचा गया था. यहां उसने पुलिस कर्मचारियों को चकमा देकर हथकड़ी खिसका कर हाथ निकाला और फरार हो गया था. इस मामले में हबीबगंज थाने में हिरासत से भागने का प्रकरण दर्ज किया गया था. उसके बाद से हबीबगंज और कोहेफिजा थाने की पुलिस उसे तलाश रही थी. ईसाई कब्रिस्तान के पास मिला आरोपी गुरुवार शाम को मुखबिर से सूचना मिली कि पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ आरोपी जयंत लोधी बैरागढ़ रोड स्थित ईसाई कब्रिस्तान के पास देखा गया है. सूचना के बाद पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची तो देखा कि एक युवक पीले रंग की पैशन मोटर सायकिल से पुलिस को देख भागने का प्रयास कर रहा है. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया. पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम जयंत लोधी निवासी विदिशा बताया. कट्टा-कारतूस लेकर घूम रहा था बदमाश पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो जैकेट की जेब में रखा एक देशी कट्टा और 2 जिंदा कारतूस मिले. पुलिस ने कट्टा-कारतूस के साथ ही उसकी पैशन बाइक भी जब्त कर ली है. उक्त बाइक उसने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पास से चोरी की थी. पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी भोपाल के अलावा सीहोर, राजगढ़ और रायसेन जिले में भी चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है.
