सिंगरौली : जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए चार वाहनों को जप्त किया है। खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में सहायक खनि अधिकारी रामसुशील चौरसिया ने आज अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।कार्रवाई के दौरान रेत के अवैध परिवहन में संलग्न बिना नंबर की तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जप्त किया गया। इनमें से वाहनों को थाना बरगवां, थाना नवानगर और जयंत पुलिस चौकी में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है।
वहीं हाईवा वाहन क्रमांक एमपी 66 जेडएच 6163 को ईटीपी में दर्ज मात्रा से अधिक रेत का परिवहन करने पर ओवरलोडिंग के मामले में जप्त कर थाना बरगवां में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनिज परिवहन में लगे वाहन संचालकों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जप्त किए गए सभी चार वाहनों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। जिले में अवैध रेत परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी।
