
ओंकारेश्वर, श्रावण मास के अवसर पर ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर में सोमवार अपरान्ह 3 बजे पहली महासवारी मंदिर से धूमधाम से निकली। ढोल-धमाकों और “भोले शंभो, भोलेनाथ” के जयघोष के साथ सैकड़ों भक्त भाव-विभोर होकर सवारी में शामिल हुए।
मार्ग के दोनों ओर खड़े भक्तों ने भगवान पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। सवारी कोठी तीर्थ घाट पहुंची, जहां आचार्य राजेश्वर दीक्षित के नेतृत्व में पूजन-अभिषेक संपन्न कराया गया। इस दौरान राजा साहब राव पुष्पेंद्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पूजन, अभिषेक और आरती के बाद गुलाल और गुलाब उड़ाकर उत्सव मनाया गया। इसके बाद भगवान को पवित्र नर्मदा नदी में नौका विहार कराया गया। दक्षिण तट पर श्री मामलेश्वर जी की सवारी गौमुख घाट पहुंची। पूजा-अर्चना के बाद दोनों पालकियां नगर भ्रमण के लिए रवाना हुईं।
सवारी बालवाड़ी, पुराना बस स्टैंड, मुख्य मार्ग से होते हुए जेपी चौक पहुंची। पुल पार कर पुराने मार्केट से होते हुए पुनः मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में जगह-जगह भक्तों ने पुष्प और गुलाल वर्षा कर भगवान का स्वागत किया।
