
सीधी। शहर का समीपी गोरियरा बांध पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा। यहां भव्य रिसार्ट बनाने के साथ ही अन्य आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। जिससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। यह सौगात सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक के निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप मिली है।
गोरियरा बांध क्षेत्र में व्यापक पर्यटन विकास कार्यों को शासन स्तर से स्वीकृति मिल गई है। इस परियोजना से न केवल स्थानीय स्तर पर पर्यटन को गति मिलेगी बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। तत्संबंध में सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक का कहना है कि सीधी के विकास और पर्यटन को नई पहचान दिलाना हमारा संकल्प है। गोरियरा बांध परियोजना से जिले को बड़ा लाभ मिलेगा। इसके लिए सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक ने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव एवं पर्यटन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी का क्षेत्रवासियों की तरफ से अपने क्षेत्र में पर्यटन के विकास के लिए धन्यवाद किया।
इस संपूर्ण परियोजना के क्रियान्वयन से स्थानीय लोगों को कई प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार अवसर प्राप्त होंगे, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी। जिला मुख्यालय के समीप में गोरियरा बांध के होने से यहां के पर्यटन गतिविधियों में क्षेत्रीय लोगों की बड़ी सहभागिता रहने वाली है। यहां व्यवसायियों के साथ ही अन्य लोगों को रोजगार के स्थाई अवसर मुहैया होंगे। गोरियरा बांध के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने के बाद यहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी। साथ ही सीधी जिले के लोगों को भी भव्य पर्यटन स्थल मिलेगा।
184 लाख की लागत में होंगे प्रथम चरण के कार्य
गोरियरा बांध के आसपास की भूमि में प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए प्रथम चरण में कुल 184 लाख की लागत से कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य किए जाएंगे। जिनमें कैफेटेरिया ब्लॉक, किचन, व्यूइंग सिटिंग डेक, टॉयलेट कॉम्प्लेक्स, पाथवे, आकर्षक एंट्रेंस गेट शामिल हैं। इन सुविधाओं के विकसित होने से यह क्षेत्र पर्यटकों के लिए एक विशेष आकर्षण केन्द्र के रूप में उभर सकेगा।
दूसरे चरण में शामिल हैं बड़े प्रस्ताव
पहले चरण के साथ ही परिसर के व्यापक विकास हेतु दूसरे चरण का प्रस्ताव भी शासन को भेजा जा चुका है। जिसमें 15 आधुनिक कॉटेज, बोट क्लब, अतिरिक्त मनोरंजक एवं पर्यटन सुविधाएं शामिल हैं। इनका निर्माण होने पर गोरियरा बांध सीधी जिले का प्रमुख पर्यटन स्थल बनने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।
