
भोपाल।मप्र मानव अधिकार आयोग ने भोपाल में बिजली के खुले तारों के पड़े होने के मामले पर जवाब मांगा है. इसके साथ ही प्रदेश में मानव अधिकार उल्लंघन के ’09 मामलों को आयोग ने संज्ञान में लिया है. भोपाल शहर के पीएनटी कॉलोनी के मायाराम स्मृति भवन के पास सड़क के बीचो-बीच बिजली के तारों के खुले पड़े होने का मामला सामने आया है. रिपोर्ट के अनुसार बीते सोमवार को शहर के एक इलाके में खुले ट्रांसफार्मर एवं तारों की चपेट में आने से एक लोडिंग वाहन चालक की मृत्यु हो गई थी, वहीं विगत 31 मई का एक 11 साल के बच्चे की भी खुली डीपी की चपेट मे आने से मृत्यु हो गई थी. खुले पड़े बिजली के तारों एवं ट्रांसफॉर्मर से शहर में आये दिन कई घटनाएं हो रही है, इसके बावजूद प्रशासन और संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इस ओर कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है. इस कारण लोगों की जान को खतरा बना हुआ है. मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने एम.डी., मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, भोपाल से दुर्घटनाओं को रोकने के लिये की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन एक माह में मांगा है.
