परिश्रम, अनुशासन, निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी : बिरला

नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को कहा कि परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की वास्तविक कुंजी है तथा शोध और नवाचार विकसित भारत की बौद्धिक शक्ति का आधार है। श्री बिरला ने आज दिल्ली विश्वविद्यालय के महाराजा अग्रसेन कॉलेज के वार्षिक समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि ‘अब्दुल कलाम रिसर्च सेंटर’ जैसे प्रयास देश को ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था की ओर ले जाते हैं। कॉलेज की विकास यात्रा और शैक्षणिक वातावरण की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह आधुनिक शिक्षा का सशक्त केंद्र है। उन्होंने युवाओं की भूमिका पर जोर दिया और कहा कि कौशल विकास, उद्यमिता और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी अनिवार्य बताया है।

श्री बिरला ने पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और जिम्मेदार नागरिकता को शिक्षा का अभिन्न अंग बताते हुए ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं से अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया। महाराजा अग्रसेन के जीवन को प्रेरणास्रोत बताते हुए उन्होंने कहा कि उनकी लोककल्याणकारी शासन व्यवस्था आज भी आदर्श मानी जाती है। उन्होंने कहा कि आदर्श शासन प्रणाली का श्रेष्ठ उदाहरण महाराजा अग्रसेन का जीवन प्रस्तुत करता है। लोकसभा अध्यक्ष ने सरदार वल्लभभाई पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व भारत के सशक्त संवैधानिक ढांचे की प्रेरणा है। भारत की संसदीय प्रणाली विश्व की श्रेष्ठ शासन पद्धतियों में से एक है और संविधान सभी के लिए आदर्श मार्गदर्शक है। महान महापुरुषों के जीवन, इतिहास और विचारों का अध्ययन युवाओं के व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि जब युवा इन आदर्शों को आत्मसात करेंगे, तो उनके भीतर आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने जोर दिया कि आज भारतीय युवाओं के पास अपार अवसर हैं और विश्व की अग्रणी कंपनियों में भारतीय प्रतिभा का नेतृत्व इसका प्रमाण है। उन्होंने युवाओं से बड़े सपने देखने, नवाचार करने और वैश्विक मंच पर भारत का नेतृत्व करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब भारत अपनी स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण करेगा, तब ‘विकसित भारत 2047’ के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

Next Post

गोयल ने कतर के विदेश व्यापार मामलों के राज्य मंत्री से बातचीत की

Thu Apr 23 , 2026
नई दिल्ली 23 अप्रैल (वार्ता) केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने पश्चिम एशिया संकट के बीच गुरूवार को कतर के विदेश व्यापार मामलों के राज्य मंत्री डॉ. अहमद बिन मोहम्मद अल सैयद के साथ डिजिटल माध्यम से बातचीत की। श्री गोयल ने इस बातचीत को ” सार्थक” बताते […]

You May Like